ग्रेनो वेस्ट स्थित डीपीएस वर्ल्ड स्कूल की दूसरी कक्षा की छात्रा गजल की मौत मामले में प्रिंसिपल समेत पांच शिक्षक-शिक्षिकाओं पर केस दर्ज होने के बाद कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिजन व स्टेलर जीवन सोसायटी के लोगों में रोष है।
वे गजल की मौत से पर्दा उठाने के प्रयास में जुटे हैं। इसी कड़ी में घटना के दिन स्कूल में हुई जूडो प्रतियोगिता के बाद का एक फोटो सामने आया है। परिजन ने इस फोटो को सीएम अखिलेश, अमित शाह समेत कई नेताओं को ट्वीट कर मामले की जानकारी दी है।
31 जनवरी को स्टेलर जीवन सोसायटी निवासी लालचंद यादव की 8 वर्षीय बेटी गजल की मौत हो गई थी। गजल स्कूल गई थी और उस दिन उसकी जूडो की प्रतियोगिता थी। स्कूल से उसे अस्पताल ले जाया गया था।
परिजन ने गजल की मौत में प्रिंसिपल समेत पांच शिक्षक-शिक्षिकाओं पर लापरवाही का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। अब, परिजन व सोसायटी के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को लोग गजल के स्कूल गए थे और देेर रात तक उन्होंने सोसायटी में भी मीटिंग की थी।
सोसायटी के लोगों को घटना के दिन पुरस्कार वितरण के दौरान का एक फोटो मिला है, जिसमें गजल अन्य स्कूल बच्चों के साथ सबसे पीछे बैठी है और सामान्य नहीं दिख रही है। परिजन ने सीएम समेत अन्य नेताओं को यह फोटो ट्वीट कर कहा कि जूडो प्रतियोगिता के बाद गजल दर्द से कराह रही थी। इस मामले में रविवार को सोसायटी के लोग पीड़ित परिजन के साथ पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करेंगे।