कर्मचारी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। वह तिलक नगर में रहता है और चांदनी चौक के कूचा महाजनी में स्थित जय हनुमान ज्वेलर्स में काम करता है। वह यहां से सोना-चांदी की डिलीवरी करता है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि भलस्वा डेयरी फ्लाईओवर पर बाइक सवार बदमाशों ने गोलीबारी कर एक शख्स से लाखों का सोना लूट लिया है। जहांगीरपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां शिकायतकर्ता संदीप मिला।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह चांदनी चौक स्थित दुकान से एक किलो सोना और आठ किलो चांदी लेकर स्कूटी से डिलीवर करने जा रहा था। भलस्वा डेयरी फ्लाईओवर पर दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और बैग छीनने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने हवा में तीन से चार गोलियां चला दीं, जिससे वह डर गया और बदमाश उससे बैग छीनकर फरार हो गए।