नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार देर शाम एक युवती ट्रैक पर उतरकर जाने लगी। होशियारपुर की ओर खत्म होते ट्रैक पर आगे बढ़ने पर युवती को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और थाना सेक्टर-24 पुलिस के हवाले कर दिया। मानसिक रूप से परेशान युवती को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-33 के बी ब्लॉक में सुशील कोहली अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 25 वर्षीय बेटी दीपिका कोहली शुक्रवार देर शाम सेक्टर-32 स्थित सिटी सेंटर पहुंची।
इस दौरान वह ट्रैक पर उतर गई और होशियारपुर की ओर जाने लगी। अचानक सीसीटीवी फुटेज में युवती के ट्रैक पर चलने की घटना देख वहां अफरा-तफरी मच गई।
सीआईएसएफ के सुरक्षा कर्मियों ने दौड़कर युवती को पकड़ लिया और थाना सेक्टर-24 पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि युवती मानसिक रूप से परेशान है। इसी कारण पिछले दिनों उसकी नौकरी चली गई थी। युवती की मानसिक हालत को देखते हुए पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।