अब तक आपने लड़कों द्वारा लड़कियों पर तेजाब डालने के मामले तो सुने होंगे। लेकिन कृष्णा नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की ने युवक पर तेजाब फेंक दिया।
हमले से युवक के चेहरे और आंख को बुरी तरह क्षति पहुंची है। गंभीर हालत में उसे पहले डॉ.हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की नाबालिग है।
क्यों फेंका तेजाब?
उसने युवक से अनबन के बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित रोहित साध (25) परिवार के साथ वेस्ट कांति नगर इलाके में रहता है। यह प्राइवेट जॉब करता है।
घटना तीन अप्रैल की है। रात करीब 8.00 बजे रोहित अपना कुत्ता घुमाने के लिए घर से बाहर निकला। इस बीच रोहित को उसकी पुरानी दोस्त शबनम (बदला हुआ नाम) मिली।
दोनों के बीच कुछ देर बहस हुई। इसके बाद शबनम ने हाथ में प्लास्टिक के डिब्बे में लिया हुआ तेजाब अचानक रोहित के चेहरे पर डाल दिया। वारदात के बाद शबनम वहां से फरार हो गई।
कुछ दिनों से चल रही थी अनबन
रोहित दर्द से चिल्लाने लगा। पड़ोसियों ने परिवार को सूचना दी। रोहित को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज कराने के बाद रोहित ने पुलिस को अपना बयान दिया।
रोहित के मुताबिक वह शबनम को पिछले डेढ़ साल से जानता है। दोनों के बीच दोस्ती थी। लेकिन कुछ दिनों पूर्व दोनों के बीच अनबन हो गई थी।
इसी का बदला लेने के लिए शबनम ने वारदात को अंजाम दिया। इधर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।