परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद मांता-पिता और छात्रा
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम के सेक्टर-47 स्थित एसडी आदर्श स्कूल के सामने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला और उसका पति फूट-फूटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ में उनकी बेटी भी मौजूद है। बताया जा रहा है कि बेटी संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा देने गई थी, लेकिन उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया। लाख कोशिशों के बाद भी जब स्कूल वाले नहीं मानें तो लड़की के माता-पिता फूट-फूटकर रोने लगे। इस दौरान छात्रा की मां बेहोश भी हो गई।
जानकारी के अनुसार, छात्रा परीक्षा केंद्र पर कुछ देरी से पहुंची थी, इसीलिए उसे प्रवेश नहीं दिया गया। वायरल हो रहे वीडियो में छात्रा की मां गेट पर बेहोश हो गईं, जबकि पिता रोते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान बेटी उन्हें समझाते हुए कह रही है, 'पापा ऐसा क्यों कर रहे हैं। पानी पी लीजिए, हम अगली बार परीक्षा दे देंगे।' इस पर छात्रा के पिता कहते हैं, 'हमारा एक साल गया बाबू..वहीं बेटी कहती है कोई बात नहीं, उम्र कहां निकली जा रही है..खुद को संभालिए।' वहीं, छात्रा की मां वहां से उठने के लिए तैयार नहीं होती हैं। वह जोर देकर कहती हैं..नहीं जाऊंगी।
वीडियो को एक्स पर साक्षी नाम की यूजर ने शेयर किया है। यूजर ने कैप्शन में लिखा, 'दिल दहला देने वाला वीडियो, यूपीएससी प्रीलिम्स देने के लिए बेटी के साथ आए मां-बाप की हालत। छात्रा को देर से आने की वजह से गुरुग्राम के सेक्टर-47 स्थित एसडी आदर्श स्कूल के प्रिंसिपल ने प्रवेश नहीं दिया। परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होनी थी, लेकिन नौ बजे ही गेट बंद कर दिया गया।