दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में 27 साल की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात का वीडियो भी बना लिया और इससे युवती को ब्लैकमेल करने लगे।
बात हद से बढ़ी तो पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस से शिकायत की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, राजनगर कॉलोनी, पालम में रहने वाली युवती प्राइवेट नौकरी करती है।
उसने बादली इलाके में रहने वाले संजय से अपने मकान के लिए कुछ रुपये उधार लिये थे। पिछले दोनों संजय व उसका दोस्त सतीश युवती के घर पहुंचे। बातचीत के बाद दोनों ने डरा-धमकाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात के दौरान आरोपियों ने इसका वीडियो भी बना लिया। युवती का आरोप है कि इस वीडियो के आधार पर आरोपी उसे किसी को कुछ भी बताने से मना करते रहे। शुक्रवार को उसने पुलिस को सूचना दी तो रिपोर्ट दर्ज हुई। युवती का कहना है कि उसने जो कर्ज लिया था, वह भी वापस कर दिया है।