पुलिस की लापरवाही ने हमारी बच्ची की जान ले ली...। रिया की मां सुमित्रा रोते-रोते पुलिस पर आरोप लगा रही थी। उसका कहना था कि पुलिस ने रिया की शिकायत पर कार्रवाई की होती तो शायद आज वह जिंदा होती। रिया की बहन कोमल ने बताया कि मार्च में रिया व परिवार ने एमएस पार्क थाने में आदिल द्वारा छेड़छाड़ करने व पीछा कर धमकाने की शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवारवालों के अनुसार आरोपी युवती का मोबाइल अपने साथ ले गया है।
मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी आदिल रिया के पड़ोस में रहता है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों एक दूसरे को जानते थे। आदिल कभी-कभार उससे बातचीत भी कर लिया करता था। लेकिन जब रिया को आदिल के इरादों का पता चला तो उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
लेकिन आदिल लगातार उसका पीछा करता रहा। यहां तक वह निर्माण विहार उसके संस्थान भी पहुंच गया। इसी साल की शुरुआत में कहासुनी के दौरान रिया ने आदिल को चांटा भी मार दिया था। आरोपी प्यार न स्वीकार करने पर रिया के चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी दे रहा था।
परेशान होकर रिया ने पुलिस से शिकायत करना ही ठीक समझा। मार्च माह में शिकायत करने के बाद पुलिस ने भी मामले को हल्के में लेकर खानापूर्ति कर छोड़ दिया था। इधर आरोपी लगातार पीड़िता को परेशान करता रहा। परेशान होकर दो दिन पूर्व ही रिया ने अपना पुराना फोन नंबर बंद कर नया नंबर लिया था। बुधवार को आरोपी चाकू लेकर रिया के घर के पास घात लगाकर बैठा हुआ था।
जैसे रिया घर से बाहर निकली आरोपी ने उसे दोस्ती करने की बात कही। बताया जा रहा है कि इनकार करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। परिवार का आरोप है कि हमले के बाद पुलिस अधिकारी मार्च में दी गई शिकायत की कॉपी भी अपने साथ ले गए हैं। परिवार ने पुलिस से शिकायत की कॉपी वापस मांगी है।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी शाम 5.16 मिनट पर युवती से बातचीत करता हुआ दिख रहा है। अचानक अगले ही मिनट आरोपी ने चाकू निकालकर रिया पर हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद रिया जान बचाने के लिए वहां नजदीक अनिल फोटो स्टूडियो में घुस गई। इस बीच तलाशबीन लोग वहां खड़े रहे, लेकिन किसी ने उसकी मदद की कोशिश नहीं की।