उत्तरी दिल्ली के मौरिस नगर स्थित बोंटा पार्क में शनिवार दोपहर एक 22 वर्षीय युवती खून से लथपथ मिली। पार्क में घूमने गए लोगों की सूचना पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवती को गंभीर हालत में बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
देर शाम तक युवती को होश नहीं आया था। युवती का बैग और अन्य सामान ज्यों का त्यों मिला है। बैग से मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त हो पाई। वह गोकलपुरी के कबीर नगर की रहने वाली है। युवती के साथ कुछ गलत हुआ है या नहीं? इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तरी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12.30 पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद युवती वीसी ऑफिस के नजदीक बोंटा पार्क में मिली। उसके चेहरे व शरीर के दूसरे हिस्सों पर पत्थरों से बेरहमी से वार किए गए हैं। आशंका है कि आरोपी युवती को मरा हुआ समझकर फरार हो गया।
जांच में पता चला कि युवती अपने किसी दोस्त के साथ सुबह करीब 11 बजे के आसपास पार्क में घूमने गई थी। मुलाकात के दौरान ऐसा क्या हुआ। क्या युवती के दोस्त ने ही उस पर हमला किया या किसी और ने? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।
युवती के पास से मिले कागजात से पता चला कि उसने 2018 में माता सुंदरी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद वह फिलहाल इंदिरापुरम के एक संस्थान से पढ़ाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के दोस्त की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है। युवती के परिवार को दोपहर को ही सूचना दे दी गई थी। युवती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।