पंडित पंत मार्ग स्थित सांसद आवास अपार्टमेंट की छत से शनिवार को गिरकर युवती की संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक युवती आयुषी (18) के पास से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही खुदकुशी के कारणों का पता लगा है। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। नई दिल्ली जिले की नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरूआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है, हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने अपार्टमेंट की छत से युवती के मिले पर्स व मोबाइल को जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस को 9.15 बजे सूचना मिली थी कि सांसद आवास अपार्टमेंट की छत से गिरकर युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। युवती के छत से कूदने की भी सूचना थी। पुलिस ने आयुषी को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने सांसद आवास अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला है। सीसीटीवी फुटेज में युवती छत की ओर अकेली जाती हुई दिखाई दे रही है। युवती पंडित पंत मार्ग पर बने धोबी घाट पर परिजनों के साथ रहती थी। नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।