गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र के गोविंदपुरम स्थित कैलाशपुरम-2nd में सोमवार शाम इंटरनेट (वाई-फाई) की शिकायत जांचने पहुंचे 34 वर्षीय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मूल रूप से ग्राम कहरका (थाना चांदीनगर, जिला बागपत) निवासी अरविंद कुमार (34) पुत्र सुरजी सिंह इंटरनेट वाई-फाई की खराबी ठीक करने का काम करता था। मंगलवार की देर शाम वह गोविंदपुरम के कैलाशपुरम-2nd स्थित गली नंबर-3 में एक शिकायत अटेंड करने पहुंचे थे। इसी दौरान काम करते समय वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस कर अचेत हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सर्वोदय हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने बताया कि शव मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है, अभी तहरीर नहीं मिली है।