गाजियाबाद। व्यापारी बंधु की बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शहर की यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के सामने रखीं। कलक्ट्रेट के सामने हापुड़ रोड पर बने फुटओवर ब्रिज (एफओबी) पर लिफ्ट या स्वचालित सीढ़ी लगाने की मांग की गई। व्यापारियों का कहना था कि डिवाइडर ऊंचा होने के कारण सड़क पार करना मुश्किल है और बुजुर्गों व दिव्यांगों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
संपूर्ण उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के महामंत्री तिलकराज अरोड़ा ने बताया कि विज्ञापन कंपनी की ओर से एफओबी बनाया गया था। नगर निगम ने विज्ञापनदाता को एफओबी पर लिफ्ट या एस्केलेटर लगाने के लिए कहा था, लेकिन अब तक इसकी व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने इसे जल्द लगवाने की मांग की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यापारी नेता अशोक भारती ने नए बस अड्डे के पीछे सड़क पर वर्षों से खड़े कबाड़ वाहनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वाहनों के कारण रास्ता बाधित हो रहा है। डीएम ने नगर निगम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कबाड़ वाहन हटाकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में राजनगर एक्सटेंशन फ्लाईओवर के पास बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी उठाई गई। व्यापारियों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
ई-बसें चलाने की मांग
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने राजनगर एक्सटेंशन से कौशांबी और मेरठ रोड के लिए ई-बस सेवा शुरू करने की मांग की। डीएम ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद को जल्द 50 ई-बसें मिलने वाली हैं। इनमें से कई बसें राजनगर एक्सटेंशन से चलाने की योजना है। इससे एक्सटेंशन के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। बैठक में प्रशांत सरिया, पंकज गर्ग, संजय शर्मा, केसरी कुमार समेत अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।