मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग दुहाई स्थित आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित अग्निवीर भर्ती परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। परीक्षा केंद्र प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दुहाई स्थित आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में बृहस्पतिवार को अग्निवीर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। शाम करीब पौने छह बजे परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी दीपांशु को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास ब्लूटूथ डिवाइस होने की जानकारी मिली। दीपांशु ने इसकी सूचना परीक्षा संचालन से जुड़े वीसीओ अक्षय कुमार को दी। इसके बाद अक्षय कुमार ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थी की जांच कराई और उसे नकल करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मनीष कुमार निवासी मथुरा के रूप में हुई। परीक्षा केंद्र प्रशासन की ओर से मुरादनगर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने के मामले में मनीष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।