खुर्जा के माता घाट मंदिर के बाहर युवक लोकेश से तीन अज्ञात लोगों ने 500 रुपये की मांग पर मारपीट की। युवक ने गोली चलने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया। मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है।
खुर्जा। माता घाट मंदिर के बाहर बुधवार रात को युवक को तीन अज्ञात लोगों ने 500 रुपये नहीं देने पर पिटाई कर दी। युवक ने इसमें पिटाई के साथ गोली मारने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस गोली चलाने की बात को इन्कार कर रही है। बृहस्पतिवार दोपहर तक मामले में युवक ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।
विज्ञापन
क्षेत्र के सराय शेख आलम मोहल्ला निवासी लोकेश ने बताया कि बुधवार शाम को वह माता घाट स्थित मंदिर में पूजा करने गया था। जहां से पूजा कर वह मंदिर के बाहर बैठ गया। तभी तीन अज्ञात लोग वहां आए। आरोप है कि उक्त लोग शराब के नशे में थे और पीड़ित से 500 रुपये की मांग करने लगे। पीड़ित ने अज्ञात लोगों को रुपये देने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने पीड़ित की पिटाई शुरू कर दी। साथ ही तमंचे से फायरिंग भी की, जिसकी गोली युवक के पेट को स्पर्श करते हुई गई। शोर सुनकर आस-पास के लोग वहां आ गए। लोगों को देख आरोपी वहां से भाग गए। परिजन घायल लोकेश को खुर्जा के जटिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया।
विज्ञापन
सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले में गोली लगने की बात गलत है। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच पड़ताल व पूछताछ की है। प्राथमिक जांच में मारपीट का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार दोपहर तक युवक ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।