फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: 20 महीने से लापता युवती मेरठ में बंधक मिली, शोषण व बेचने की तैयारी का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी से 20 महीने पहले लापता हुई 25 वर्षीय युवती बुधवार को पड़ोसी जनपद मेरठ के परतापुर क्षेत्र के गांव उपल्हैड़ा में एक कमरे में बंधक मिली। एक फेरी वाले ने युवती को पहचानकर परिजनों को सूचना दी थी। इसके बाद मेरठ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को मुक्त कराया और मोदीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने युवती को बंधक बनाकर उसका शोषण करने और बेचने की तैयारी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मौके से तीन लोग फरार हो गए।
विज्ञापन

पीड़ित मां के अनुसार, उनकी बेटी 21 फरवरी 2025 को लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने मोदीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को एक फेरी वाला मेरठ के परतापुर क्षेत्र के गांव उपल्हैड़ा पहुंचा था। वहां उसने युवती को उम्मेद पाल के घर में देखा और पहचान लिया। फेरी वाले ने फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही महिला अपने परिजनों के साथ गांव पहुंच गई।
आरोप है कि उम्मेद पाल ने युवती को कमरे में बंधक बनाकर रखा हुआ था। मेरठ पुलिस ने युवती को कमरे से मुक्त कराया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। परिजनों का आरोप है कि युवती को बंधक बनाकर उसका शोषण किया जा रहा था और उसे बेचने की तैयारी थी। युवती के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
विज्ञापन


मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही युवती
रिश्तेदारों के अनुसार, युवती की मानसिक स्थिति कमजोर है। इस कारण वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रही है। एक रिश्तेदार के मुताबिक, पुलिस की पूछताछ में आरोपी उम्मेद पाल ने बताया कि युवती करीब 10 महीने से उसके पास थी। उसे कमरे में बंद रखा जाता था और बाहर नहीं निकलने दिया जाता था। आरोप है कि पड़ोसियों को भी युवती के वहां बंधक होने की जानकारी नहीं थी।

थाने से छह किमी दूर बंधक रही युवती
इस प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, युवती जिस गांव में मिली, वह मोदीनगर थाने की सीमा से महज छह किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। रिश्तेदारों का आरोप है कि वे लगातार युवती की तलाश कर रहे थे और कई बार पुलिस से उसे बरामद करने की गुहार भी लगाई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

युवती की मां की तहरीर पर उम्मेद पाल निवासी गांव उपल्हैड़ा, थाना परतापुर, जनपद मेरठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
विज्ञापन

-सिद्धार्थ गौतम, एसीपी मोदीनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें