विजयनगर के एक युवक ने पासपोर्ट बनवाने के लिए दो वोटर आईकार्ड का प्रयोग किया है। खास बात यह है कि इन दोनों ही आईकार्ड में न केवल उसके पिता के सरनेम में अंतर है, बल्कि जन्मतिथि भी अलग-अलग है। मामला पकड़ में आने के बाद पासपोर्ट विभाग ने अब डीएम को पत्र लिखकर सही वोटर आईकार्ड की जानकारी मांगी है।
जानकारी के अनुसार विजयनगर के भीमनगर में रहने वाले युवक सचिन पुत्र धर्मपाल ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। आवेदन के समय सचिन ने जो वोटर आईकार्ड लगाया उसका इपिक नंबर-एनडीएन 1214550 है। इसमें सचिन की जन्मतिथि 1992 है। आवेदन के कुछ समय बाद सचिन ने एक नया वोटर आईकार्ड पासपोर्ट विभाग में प्रस्तुत किया।
एनडीएन 3379146 नंबर के इपिक वाले इस वोटर कार्ड में सचिन की जन्मतिथि 3 दिसंबर 1995 है। डीएम को भेजे अपने पत्र में पासपोर्ट विभाग के सीनियर सुपरिंटेंडेंट बीएस रावत ने कहा है कि इन दोनों ही वोटर कार्ड का ऑनलाइन डाटा उपलब्ध है। ऐसे में अब जिला प्रशासन ही स्पष्ट करे कि आखिर एक व्यक्ति के दो कार्ड और उसकी जन्मतिथि अलग-अलग कैसे हो सकती हैं।