खोड़ा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता में हथियार लेकर घूम रहे युवक को खोड़ा पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी से पूछताछ की। उसके पास निजी होटल के सुपरवाइजर का हथियार था।
खोड़ा पुलिस ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर गेट के पास चेकिंग में उपनिरीक्षक ने युवक को रोककर तलाशी ली। उसकी जेब से 200 रुपये और 0.32 बोर की पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले। टीम ने रुपये वापस करके युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम सुधीर कुमार पुत्र दयाराम निवासी शिव विहार खोड़ा बताया। जांच में आया कि सुधीर के पास लाइसेंसी हथियार अनिल कुमार पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी घुसूपुर थाना कुर्रा जिला मैनपुरी हाल पता खोड़ा का था। आर्मी से सेवानिवृत्ति अनिल नोएडा के एक होटल में सुपरवाइजर हैं। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि लाइसेंसी पिस्टल की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।