साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र में पाइप मार्केट चौकी से महज 700 मीटर दूर खजूरी पार्क में बुधवार रात 30 साल के युवक का ईंट से चेहरा कूचकर हत्या कर दी। आरोपी घटनास्थल पर लहूलुहान चेहरे पर बड़ा पत्थर रखकर भाग गए। हैरत की बात है कि घटनास्थल से दस कदम दूर टीन शेड में कर्मचारी और दूसरी तरफ धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था बावजूद इसके कोई हत्या करने वाले आरोपियों को नहीं देख पाया। सुबह में पुलिस ने सूचना पाकर शव कब्जे में लेकर जांच की। घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस को मृतक की पहचान नहीं हुई।
जनकपुरी के खजूरी पार्क में सुबह सात बजे स्थानीय लोग घूमने गए थे। वहां निर्माणाधीन पानी की टंकी के नीचे लोगों ने युवक का लहूलुहान शव देखा। तुरंत घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो युवक के चेहरे पर पत्थर रखा हुआ था। उसका चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो जेब से सिर्फ चार रुपये के सिक्के मिले जबकि पहचान के लिए सिर्फ हाथ पर रजनीश और दूसरे हाथ पर आई लव यू निशा लिखा था। साहिबाबाद एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि पार्क में घटनास्थल पर किसी भी व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान युवक की पहचान नहीं की। मृतक की पहचान और हत्या का पता करने के लिए दो टीमें अलग-अलग एंगल से जांच में लगी हैं। उनका मानना है कि हत्या के पीछे नशा या घरेलू क्लेश के अलावा अन्य कोई वजह हो सकती है। लिहाजा टीम हर एंगल से जांच कर रही है। पार्क के चारों तरफ सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। अभी तक मृतक की पहचान भी नहीं हो पाई।