साहिबाबाद। यात्री अब नमो भारत और मेट्रो का एक साथ टिकट बुक कर सकेंगे। सोमवार को एकीकृत क्यूआर-टिकटिंग सिस्टम को आधिकारिक तौर से लांच कर दिया गया। दिल्ली-एनसीआर में एकीकृत और डिजिटल रूप से संचालित यात्री केंद्रित नेटवर्क बनाने के उद्देश्य से इसी साल अगस्त में एनसीआरटीसी और डीएमआरसी के बीच एक समझौता पर हस्ताक्षर किया गया था।
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने मोबाइल एप पर नमो भारत और दिल्ली मेट्रो की टिकट बुक कर आधिकारिक तौर पर इस एकीकृत टिकटिंग सिस्टम की शुरुआत की। एनसीआरटीसी के मीडिया प्रभारी ने बताया कि यात्री अब आरआरटीएस कनेक्ट एप के माध्यम से दिल्ली मेट्रो का क्यूआर कोड टिकट और डीएमआरसी मोमेंटम 2.0 एप से नमो भारत के लिए क्यूआर कोड टिकट बुक कर सकते हैं। इससे आरआरटीएस और दिल्ली मेट्रो दोनों में निर्बाध टिकटिंग संभव होगी।
उन्होंने बताया कि नमो भारत और दिल्ली मेट्रो दोनों परिवहन प्रणालियों के स्टेशनों पर टिकट की लाइनें कम होंगी और यात्रियों का समय बचेगा। डिजिटल लेनदेन और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा विकल्पों को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को अधिक सहज और समय-कुशल यात्रा अनुभव का लाभ मिल सकेगा। वहीं, दूसरी ओर एनसीआरटीसी ने आईआरसीटीसी के साथ भी इसी प्रकार का एक समझौता किया है। इसके अंतर्गत यात्री आईआरसीटीसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारतीय रेलवे के ट्रेन टिकट के साथ-साथ नमो भारत ट्रेन टिकट भी बुक कर सकते हैं। इससे यात्रियों के लिए टिकट लेना आसान तो होगा और उनका समय भी बचेगा।