लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के ईदगाह मार्ग स्थित अपनी बुआ के घर खेलने गई 2 साल की लापता बच्ची का शव 24 घंटे बाद घर के बाहर नाले में मिला। परिवार के लोग बच्ची को तलाश करते रहे और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। रविवार सुबह बच्ची के शव को नाले से बाहर निकाला। बच्ची की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
अशोक विहार कॉलोनी में फरीद परिवार के साथ रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। पुलिस ने बताया कि फरीद की दो साल की बेटी अक्सा अपनी बुआ के घर ईदगाह रोड पर गई थी। खेलने के दौरान वह रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से बाहर निकल आई। कुछ समय बाद परिजनों को अक्सा नहीं मिली तो उन्होंने तलाशना शुरू किया। बच्ची आसपास कहीं नहीं मिली। इसके बाद शाम करीब साढ़े 4 बजे परिजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और बच्ची को तलाशना शुरू किया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्ची का फोटो डालकर तलाश करने की अपील की। सोमवार सुबह अक्सा का शव घर के बाहर बने नाले में मिला। बच्ची का शव देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि बच्ची खेलते हुए नाले में गिर गई थी और वह बाहर नहीं आ सकी।