गाजियाबाद। जिला टीबी अस्पताल में एक्स-रे जांच बंद होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल की टेक्नीशियन के तबादले के बाद एमएमजी अस्पताल के एक्स-रे विभाग से दो- दो स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन तीन दिन से एक भी स्टाफ अस्पताल में नहीं पहुंचा, इस कारण से जांच बंद है।
अस्पताल में प्रतिदिन होने वाले करीब 60 से 65 एक्सरे का पूरा बोझ अब एमएमजी अस्पताल की मशीन पर आ गया है। इससे एमएमजी अस्पताल में एक्सरे कराने वाले मरीजों की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ गई है।
जिला टीबी अस्पताल में टीबी की जांच और इलाज के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। डॉक्टर की सलाह पर कई मरीजों को एक्सरे कराने की जरूरत पड़ती है। अस्पताल की एक्सरे मशीन बंद होने के बाद इन मरीजों को एमएमजी अस्पताल भेजा जा रहा है। इसके अलावा 15 सितंबर तक हज पर जाने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के लिए भी एक्स-रे हो रहे हैं। इस कारण से भी दबाव बढ़ गया है।
बृहस्पतिवार को एमएमजी में 375 एक्स-रे जांच की गई। एक साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने के कारण जांच के लिए नंबर लगवाने को लेकर मरीजों में मारामारी की स्थिति रही। टीबी मरीजों को भी सामान्य मरीजों के साथ लाइन में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 150 एक्सरे होते थे। अब संख्या बढ़कर करीब 350 से 370 तक पहुंच गई है। सीएमएस ने बताया कि बृहस्पतिवार को 375 तक पहुंच गया।