गाजियाबाद। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों की अनदेखी कर मियाद पूरी कर चुके सड़कों पर दौड़ रहे 120 वाहनों को चिन्हित किया। इन सभी वाहनों को स्क्रैप कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहायक संभागीय परिवहन प्रवर्तन अधिकारी अकिता शुक्ला ने बताया कि बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। जांच के दौरान डीजल के 10 और पेट्रोल के 15 साल पुराने 120 वाहनों को पकड़ा गया। इन वाहनों के अनधिकृत संचालन पर तत्काल रोक लगाते हुए पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्र भेजा जाएगा। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि एनजीटी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ब्यूरो