सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर स्थित ईंट भट्ठे पर बने कमरे में शनिवार को स्वाति (26) का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में बड़ी संख्या में परिजन सिंभावली थाने पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
स्वाति के पिता महेंद्र ने थाने में तहरीर दी है। इसमें उल्लेख किया है कि उन्होंने अपनी बेटी स्वाति की शादी करीब छह वर्ष पहले अमरोहा के गांव गंगेश्वरी निवासी विकास के साथ की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर स्वाति को परेशान करते थे।
उन्होंने बताया कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। पिता का आरोप है कि 31 जुलाई की रात स्वाति के पति विकास, सास और देवर ने उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में फंदे पर लटका दिया। परिजनों ने ईंट भट्ठा मालिक पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उसे तहरीर में नामजद किया है।
स्वाति का शव ईंट भट्ठे पर बने कमरे में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजन घटनास्थल से सिंभावली थाने पहुंचे और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। जहां पर पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस तहरीर में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।
मृतक स्वाति। फाइल फोटो