गाजियाबाद। नोएडा से ड्यूटी कर घर लौट रही महिला ने ऑटो सवार दंपती पर बाल पकड़कर पीटने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि दंपती ने उन्हें चलते ऑटो से बाहर फेंकने का प्रयास भी किया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ विजयनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि वेव सिटी क्षेत्र के ऑकवुड एन्क्लेव के सेक्टर-एक में रहने वाली देवांशी कपूर के मुताबिक, वह नोएडा के सेक्टर-तीन स्थित लॉचन कंपनी में नौकरी करती हैं। 16 अप्रैल 2026 की शाम वह ड्यूटी से घर आ रही थीं। इस दौरान ऑटो में एक दंपती पहले से सवार था। उनमें से पुरुष मोबाइल फोन पर किसी को गालियां दे रहा था।
देवांशी के मुताबिक, उन्होंने इसका विरोध किया तो ऑटो में सवार महिला ने उनके बाल पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और उसके पति ने कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उनको ऑटो से बाहर फेंकने का प्रयास किया गया। इस घटनाक्रम में उनका चश्मा और मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया।
शोर मचाने पर चालक ने ऑटो रोका, जिसके बाद पीड़िता ने सड़क से चश्मा व मोबाइल फोन उठाया और लोगों से मदद की गुहार लगाई। एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी दंपती नसीम व मोमीना खातून निवासी मयूर विहार, डासना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।