मुरादनगर। बाइक सवार दो युवकों ने दूध लेकर आ रही महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर महिला को थप्पड़ मारे। वारदात गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नाबालिग समेत आरोपियों को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक की पत्नी अपने तीन साल के बच्चे के साथ दूध लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंची तो बाइक सवार चार युवक आए, जिसमें पीछे से बैठे दो युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौज कर महिला के थप्पड़ मारे, शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में किसी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। महिला ने थाने में तहरीर दी है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।