पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को दिया जाने वाला बेहद खराब क्वालिटी का खाना बेचते हुए दो वेंडरों को औचक निरीक्षण के दौरान पकड़ा गया है।
कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक सुरेश मेहता ने बताया कि प्लेटफार्म पर जब दो वेंडरों को पकड़ा तो उनके पास जो खाने के पैकेट मिले वह मानक के अनुरूप नहीं थे।
नियम है कि पैकेट पर ठेकेदार का नाम, खाना बनाने की डेट और समय अंकित होना जरूरी है। वेंडरों के पास मिले पैकेट में ऐसा नहीं था। यानी वेंडर मनमाने तरीके से बासी खाना यात्रियों को खिला रहे थे। यह उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ करना जैसा है। इसलिए विभाग ने इन वेंडरों पर कार्रवाई करने के लिए सीएमआई को निर्देशित किया गया है।
ईएमयू में चोरी करता एक गिरफ्तार
जीआरपी ने ईएमयू में चोरी करते एक युवक को पकड़ा है। एसएसआई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि विजय नगर स्थित भूड़ भारत नगर निवासी प्रवीण बीते कई दिनों से चोरी की वारदात में संलिप्त था। सूचना के आधार पर जीआरपी कर्मियों ने जब उसे पकड़ा तो वह ईएमयू ट्रेन में किसी यात्री का मोबाइल चुरा रहा था। इसके पास से मोबाइल भी बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
--------