एनएच-24, 58, जीटी रोड और हापुड़ रोड पर जाम
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। रविवार सुबह हुई बारिश और एनएच-24 पर ट्रक खराब होने से घंटों जाम लगा रहा। सुबह नौ बजे से दोपहर तक और फिर शाम को वाहन रेंगे। इस दौरान यातायात पुलिसकर्मी मुस्तैद नहीं दिखे।
छुट्टी का दिन होने केबाद भी रविवार को शहर की कई सड़कों पर जाम लगा रहा। एनएच-58, एनएच-24, जीटी रोड, हापुड़ रोड और विजयनगर गोशाला फाटक रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
सुबह करीब आठ बजे से बारिश शुरू हुई और 11 बजे तक हल्की बूंदा बूंदी होती रही। इस कारण सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई, जिस कारण लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगते रहे। दिल्ली से मेरठ जाने वाले वाहनों को करीब दो घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा।
जीटी रोड पर भी वाहन करीब एक से दो घंटे तक रेंगते रहे। एनएच-24 पर दोपहर करीब तीन बजे ट्रक खराब हो गया, जो शाम चार बजे ट्रैफिक पुलिस ने हटाया। हापुड़ से दिल्ली जाने वाले वाहनों को करीब दो घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा।