अब दिल्ली से अंबाला तक मेमू (मेन लाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का संचालन शुरू होगा। रेलवे ने दिल्ली दिल्ली-अंबाला पैसेंजर को मेमू में परिवर्तित करने का फैसला किया है। 30 अप्रैल से इस ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि इसके शेड्यूल और स्टॉपेज में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
मेमू के संचालन से इस ट्रेन की गति भी बढ़ जाएगी। नार्दन रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा के मुताबिक दिल्ली अंबाला पैसेंजर 54505/54506 को अब 64561/64562 मेमू ट्रेन में कन्वर्ट किया जाएगा उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को पहली बार दिल्ली जंक्शन से यह मेमू सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और शाम 7:20 बजे अंबाला पहुंचेगी।
अंबाला-दिल्ली मेमू 2 मई से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 6:00 बजे अंबाला से चलकर दोपहर 2:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह मेमू ट्रेन भी अंबाला पैसेंजर की तरह दिल्ली से चलकर शाहदरा, विवेक विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, नया गाजियाबाद, गुलधर हाल्ट, मुरादनगर, मोदीनगर, मोहिउद्दीनपुर, परतापुर, मेरठ सिटी, मेरठ कैंट समेत पूर्व के सभी स्टेशन पर रुकेगी।