विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, इलाहाबाद और गोरखपुर से एक साथ 403 परिवर्तन संदेश यात्रा रथ रवाना किए जा रहे हैं। भाजपा के यह रथ यूपी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में गांव, गली और मोहल्ले तक जाएंगे और लोगों को परिवर्तन का संदेश देंगे।’ यह कहना है भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह का।
अरुण सिंह सोमवार को कविनगर रामलीला मैदान में परिवर्तन संदेश यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के यह रथ सबसे हाईटेक रथ हैं। प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की रैलियों को इन रथ पर लगे एलईडी के माध्यम से लाइव दिखाया जा सकता है।
दो गानों और करीब साढे़ दस मिनट की एक टेलीफिल्म के जरिए लोगों को यूपी की बदहाली दिखाई जाएगी। लोगों को बताया जाएगा कि यूपी में किस कदर गुंडाराज, भ्रष्टाचार पनप रहा है। बेरोजगार यहां से पलायन कर रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अब विकास की बारी है। इस रथ के माध्यम से जनता अपना सुझाव व समस्या रिकॉर्ड करा कर मोदी जी तक पहुंचा सकती है। टेलीफिल्म के माध्यम से जनता को उन राज्यों की खुशहाली भी दिखाई जाएगी, जहां वर्तमान में भाजपा की सरकार है। अरुण सिंह ने कहा कि इस बार सपा-बसपा के पास कोई मुद्दा नहीं है।
यही कारण है कि उनका प्रचार अभी तक भी शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने दावा किया विधानसभा चुनावों में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, महापौर अशु वर्मा, अशोक मोंगा, सतेंद्र चौधरी, संगठन मंत्री चंद्रशेखर, राजेंद्र राजे, राजीव अग्रवाल, सत्येेंद्र शिशौदिया,
एडवोकेट राकेश त्यागी काकड़ा, गौरव चोपड़ा, राजा वर्मा, रमेशचंद तोमर, बलदेवराज शर्मा, संजीव शर्मा, सरदार एसपी सिंह, संजीव त्यागी, भूपेंद्र चौधरी, संजयकांत शर्मा, तरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।
‘कैश लेस की ओर बढ़ रही आम जनता’
भाजपा नेता ने कहा कि देश का नेता अगर अच्छा हो और जनता उस पर भरोसा करती हो तो निश्चित ही देश विकास की दौड़ में शामिल हो जाता है। नोटबंदी के बाद से भले ही जनता को परेशानी उठानी पड़ी हो, मगर सभी का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी पर बढ़ा है। यही कारण है कि अब जनता कैश लेस की ओर बढ़ने लगी है।
आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आएंगे। एक सवाल के जवाब में अरुण सिंह का कहना था कि नोटबंदी का फैसला पार्टी ने अपने अच्छे-बुरे की आशंका से डरकर नहीं, बल्कि देशहित में लिया है।