2017 में भी बिजली उपभोक्ताओं को नए बिजली सब-स्टेशन की सौगात मिलेगी। बिजली कटौती, ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए पावर कारपोरेशन की ओर से गाजियाबाद जोन में शामिल गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में 42 नए सब-स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
कारपोरेशन ने गाजियाबाद में तीन, बुलंदशहर में 21 और हापुड़ में 18 नए सब-स्टेशन के निर्माण के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। जमीन मिलने की कवायद पूरी होने के साथ ही सब-स्टेशन के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। नए सब-स्टेशन का निर्माण आईपीडीएस योजना के तहत किया जाएगा।
सब-स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद शासन की ओर से शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे, तहसील स्तर पर 20 और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली मुहैया कराने की योजना को अमलीजामा पहनाया जा सकेगा। पिछले साल भी कारपोरेशन की ओर से 25 नए सब-स्टेशन का निर्माण किया गया था। कारपोरेशन चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि सब-स्टेशन के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित होेने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
इन स्थानों पर बनेंगे नए सब-स्टेशन
कारपोरेशन की ओर से गाजियाबाद में शालीमार गार्डन, राजेंद्रनगर और विक्रम एंक्लेव में नए सब-स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, बुलंदशहर में स्याना, सनौटा सफीपुर, डिबाई, अनूपशहर, कैलावन, जहांगीराबाद, पहाड़पुर, बालका, शिवाली, गांगरोल, ककौड़, बीबीनगर, प्याना कलां, गुलावठी देहात, बैर, कोटा, करोठी और फगौता शामिल हैं। हापुड़ में पारपा, झड़ीना, अनवरपुर, समाना, सिरौरा, स्वर्ग आश्रम रोड, रामपुर रोड हापुड़, तलहैटा, लालनेर सहित अन्य जगहों पर सब-स्टेशन बनाए जाएंगे।