खोड़ा। प्रताप विहार में मंगलवार रात कथित पति के फोन पर बात नहीं करने से नाराज निधि (30) ने किराये के कमरे में गार्डर पर कपड़ा बांधकर जान दे दी। वह 20 दिन पहले कथित पति उमेश राठौर के साथ किराये पर रहने आई थी। घटना के दौरान उमेश हरदोई गया था। हरदोई के थाना पंचखुरा में निधि की आठ महीने पहले गुमशुदगी दर्ज हुई थी। पुलिस उसको तलाश रही थी। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी है।
हरदोई में थाना पंचखुरा के ग्राम खदरी की रहने वाली निधि हरदोई के ही निवासी उमेश राठौर के साथ रहती थी। वह नोएडा की एक फैक्टरी में काम करती थी। 20 दिन पहले उमेश राठौर के साथ आकर खोड़ा के प्रताप विहार में रहने लगी थी। उमेश भी इधर-उधर काम करके गुजारा करता है। पुलिस का कहना है कि पड़ोसियों ने महिला के आत्महत्या करने की सूचना दी थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने खिड़की से देखा तो निधि गार्डर से कपड़ा बांधकर लटकी हुई थी। पुलिस जांच में आया कि उमेश तीन दिन पहले गांव चला गया था। निधि उससे बात करने के लिए लगातार फोन कर रही थी, लेकिन वह कॉल नहीं उठा रहा था। उन्होंने मकान मालिक से बोलकर कॉल कराई लेकिन उनकी कॉल भी नहीं उठाई। इससे नाराज होकर वह कमरे में चली गई। उसके बाद पड़ोसियों ने बाहर आते-जाते नहीं देखा। देर शाम को पड़ोसी पहुंचे तो कमरे से बदबू आने पर शक हो गया। कमरे में जांच के दौरान पुलिस को उनका फोन मिला है।
पति से विवाद के बाद हो गई थी गायब, परिजन थे परेशान :
पुलिस का कहना है कि निधि की हरदोई में एक युवक से शादी हो चुकी थी। कुछ समय तक दोनों का दांपत्य जीवन ठीक था, लेकिन आपसी मनमुटाव की वजह से रिश्तों में बिखराव हो गया। इसके बाद वह गांव से अचानक कहीं चली गई। परिजनों ने आठ महीने पहले पंचखुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस निधि को तलाश रही थी। इसकी जानकारी होने पर वह गांव गई और परिजनों के साथ पुलिस के पास जाकर गुमशुदगी को खत्म करा दिया। इसके बाद वह खोड़ा आकर नोएडा की फैक्टरी में काम करने लगी थी।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि महिला के शव कब्जे में लेकर सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। उमेश से भी पूछताछ की जाएगी। निधि के फोन की भी जांच हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
-