गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार तीन में पीछे बैठे बदमाश को पीड़ित ने खींचकर बाइक से नीचे गिरा लिया। साथी को छुडाने के लिए बदमाशों ने बाइक रोकी और पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया और साथी को छुड़ाकर ले गए। सिहानी गेट पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इनका एक साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम प्रियाश्री पाल ने बताया कि छह जनवरी की रात करीब 11 बजे सिहानी गेट थाने में सुनील उड्डुपी निवासी ग्राम काऊसती जिला नोलपुर सुनौली बार्डर नेपाल ने पुलिस को जानकारी दी कि वह नवयुग मार्केट से काम कर किराये के कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और भागने लगे। सुनील उड्डुपी ने बाइक के पीछे बैठे बदमाश का कॉलर पकड़कर खींच लिया और जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसके साथी ने बाइक रोकी और सुनील पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायलावस्था में साथी को छोड़कर बदमाश अपने साथी को बाइक पर बैठाकर भाग गए। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से चार आरोपियों की पहचान हुई है। इनमें वीर उर्फ कल्लू उर्फ बल्लू निवासी प्राणगढ़ी, सोनू निवासी बालूपुरा, थाना कोतवाली नगर और अमन निवासी आंबेडकर भवन, थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनके साथी हर्ष उर्फ हीरा पुलिस पकड़ से बाहर है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से चोरी के पांच मोबाइल और चाकू बरामद किया गया है।