साहिबाबाद। गर्मी बढ़ते ही टीएचए के लोगों को पानी आपूर्ति मिलनी कम हो गई है। इससे आम लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही है। सोमवार को वैशाली सेक्टर-दो ब्लॉक ए और बी, कड़कड़ मॉडल, सूर्यनगर में कुल 10 से 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो सकी। इससे लोग टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर पाए। इससे 50 हजार लोगों को पानी किल्लत झेलनी पड़ रही है।
वैशाली सेक्टर-दो निवासी निशा शंकर ने बताया कि सुबह 7:15 पानी की आपूर्ति आई थी और 7:30 पर आपूर्ति बंद हो गई। उन्होंने बताया कि कुल 15 मिनट पानी आया और इसमें टंकी भी नहीं भर पाई। गर्मी में भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इसकी शिकायत स्थानीय निवासियों ने जनसुनवाई पोर्टल पर की है। वहीं, कड़कड़ मॉडल के लोगों ने बताया कि यहां सुबह करीब 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई। जब तक मोटर चलाई पानी आना बंद हो चुका था। जितने समय पानी आया वह भी कम प्रेशर से ही आया। इलाके के दिनभर करीब 50 हजार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासी अरुण तोमर ने बताया कि यह समस्या कोई एक दिन की नहीं है। इलाके में आए दिन इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। वहीं, सूर्यनगर में कई दिनों से कम समय पानी आने की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी जैनेंद्र कुमार का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत की गई है। उन्होंने पेयजल लाइन की जांच कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। कम पानी मिलने पर बाजार के बोतल बंद पानी पर निर्भरता बढ़ गई है।
जलकल जीएम केपी आनंद का कहना है कि पेयजल पाइप लाइन में फॉल्ट की समस्या होने की वजह से कुछ इलाकों में कम पानी पहुंचा था लेकिन फॉल्ट ठीक कराया जा रहा है। इससे पानी की समस्या का समाधान किया जा सके।