कड़कड़ मॉडल के पाल मोहल्ले में नालियां बंद होने पर सड़क पर हुआ जलभराव। स्रोत जागरूक पाठक
साहिबाबाद। कड़कड़ मॉडल गांव की नालियां चोक होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे करीब 200 घरों में रहने वाले लोग प्रभावित हैं। पिछले एक महीने से गली में पानी भरने के कारण इलाके में बदबू और गंदगी फैल रही है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है
स्थानीय निवासी अरुण का कहना है कि सड़क पर 300 मीटर के दायरे में सड़क पर गंदा पानी भरा होने से सड़क खराब हो रही हैं। हर रोज दोपहिया वाहन गिरने की वजह से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। लगातार शिकायत के बाद भी सफाई नहीं हो रही। गंदगी की वजह से यहां डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारी भी हो रही हैं। सुबह के समय पानी अधिक हो जाता है, इससे लोगों को आने जाने में ज्यादा परेशानी होती है। वहीं स्थानीय निवासी शीला देवी का कहना है कि पानी भरा होने की वजह से घर से निकलना दूभर हो गया है। घर के अंदर तक बदबू रहती है। खाना बनाने और खाने तक का मन नहीं करता। यहां का जीवन पूरी तरह से नारकीय हो चुका है। वसुंधरा के जोनल प्रभारी सुनील राय का कहना कि नालियों की सफाई पूर्व में कराई गई थी। दोबारा टीम को भेजकर पानी की निकासी कराई जाएगी।
-