दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कलां स्थित फार्म हाउस में बधाई मांगने के विवाद में हुई ढोलक वादक अलबख्श की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी फारूख को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब छह माह से लगातार फरार चल रहा था।
किन्नर निशा और पूजा पक्ष में काफी समय से क्षेत्र को लेकर विवाद चल रहा था। बीते एक मार्च की रात दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कलां स्थित एक फार्म हाउस में बधाई मांगने को लेकर एक बार फिर किन्नर निशा और पूजा के बीच विवाद हो गया था। खूनी संघर्ष में किन्नर निशा व उसके साथियों ने किन्नर पूजा पक्ष के ढोलक वादक 21 वर्षीय युवक अलबख्श की गोली मारकर और गला रेतकर हत्या कर दी थी। अलबख्श के पिता ने पांच नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कई आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिए थे। फरार चल रहे फारुख निवासी लोहड़ा महम्मदपुर थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर पर डीसीपी ग्रामीण ने 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने रविवार को फारुख को गिरफ्तार कर लिया।