केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने चुनावी साल की इस दिवाली पर शनिवार को ‘विकास बम’ फोड़कर शहरवासियों को ढेरों सौगात दीं। उन्होंने तीन महिला कॉलेज और पांच अस्पताल खोलने समेत मेट्रो विस्तार, एनएच-24 का चौड़ीकरण कार्य शीघ्र शुरू कराने का एलान किया। साथ ही शहर में 100 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति और कई इलाकों को जलभराव मुक्त कराने की भी घोषणा की।
शनिवार को आरकेजीआईटी में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद वीके सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव से उनकी 14 अक्तूबर को प्रस्तावित दर्जनों विकास कार्यों पर चर्चा हुई और केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से इन कार्यों को अमल में लाने पर सहमति बनी।
उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से साहिबाबाद व लोनी में 100-100 बेड का संयुक्त अस्पताल, खोड़ा मकनपुर व ब्लॉक भोजापुर में 30-30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिला-फर्रुखनगर रोड स्थित भारत सिटी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और विजय नगर में 50 मैटरनिटी विंग का निर्माण कराया जाएगा।
धौलाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और पुराने केंद्र का संचालन सुचारु करने को लेकर भी मुख्य सचिव से बात हुई है। सिंह ने कहा कि उनके अनुरोध पर उच्च शिक्षा मंत्री शारदा प्रसाद शुक्ल ने गाजियाबाद के डीएम को टीएचए और लोनी में राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा चिह्नित भूमि को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराकर शासन को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यही निर्देश हापुड़ के डीएम को धौलाना में महिला कॉलेज की स्थापना के लिए दिया है।
अर्थला में ही बनेगा मेट्रो स्टेशन, डासना को कराएंगे टोल फ्री
सांसद ने बताया कि उन्होंने जीडीए के अधिकारियों को नोएडा के सेक्टर-62 से मेट्रो को वैशाली व मोहन नगर से जोड़ने के प्रोजेक्ट कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। अर्थला में सेल्स टैक्स विभाग की जमीन पर ही मेट्रो स्टेशन का निर्माण होगा, इस संबंध में मुख्य सचिव से उनकी बातचीत हुई है।
उन्होंने बताया कि यूपी गेट से डासना तक एनएच-24 के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। इस संबंध में प्रधानमंत्री ने भी संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि डासना टोल को फ्री करने की दिशा में सरकार प्रयासरत है। विजयनगर आरओबी अगले साल बनकर तैयार हो जाएगा।
पुलिस और कृषि मंडी का होगा आधुनिकीकरण
सांसद ने बताया कि मुख्य सचिव ने उन्हें गाजियाबाद पुलिस का आधुनिकीकरण और नए थानों के भवन का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूर्वांचल भवन के लिए जल्द ही जमीन उपलब्ध कराएगी।
भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की योजनाओं के अंतर्गत साहिबाबाद स्थित कृषि मंडी का आधुनिकीकरण किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी परिक्षेत्र योजना बोर्ड से लोन लेकर दीनदयाल विद्युत योजना के प्रस्तावित कार्यों का कार्यान्वयन होगा। लोनी में आवास विकास कालोनियों के रखरखाव की समुचित व्यवस्था होगी।
नजीब जंग से डीटीसी चलाने की करेंगे मांग
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि आठ नवंबर को वह दिल्ली के राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर डीटीसी बस को शिवाजी स्टेडियम से गाजियाबाद के बीच चलाने की मांग करेंगे।
साथ ही उनसे मुरादनगर पाइप लाइन रोड की मरम्मत हेतु दिल्ली जल बोर्ड से एनओसी लेने के मामले में भी चर्चा की जाएगी। दिल्ली-गाजियाबाद सीमा से जुड़ी समस्याओं के हल कराने पर भी बात होगी।
शहर को मिलेगा 100 क्यूसेक गंगाजल
सांसद ने बताया कि नगर निगम ने सिंचाई विभाग से 100 क्यूसेक गंगाजल मांगा है। इस संबंध में प्रदेश सरकार से जल्द अनुमति मिल जाएगी। इससे वसुंधरा और भारत सिटी को पर्याप्त जल मिलेगा।
खोड़ा और लोनी से जलभराव की समस्या दूर की जाएगी। नगर निगम से गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी की सूची में लाने के लिए हरसंभव उपाय करने को कहा गया है। निगम के लिए अवस्थापना निधि की व्यवस्था भी जल्द होगी।
साहिबाबाद में बनेगा परिवहन हब
सांसद ने बताया कि साहिबाबाद में परिवहन विभाग की जमीन है। इस जमीन पर पीपीपी मॉडल पर परिवहन हब का निर्माण किया जाएगा। शहर में सिटी बस का समुचित संचालन और लोनी के ट्रोनिका सिटी तक बस की व्यवस्था की जाएगी।
गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत की जाएगी। एनएच-58 से बसंतपुर मैथली तक रोड की मरम्मत होगी। लोनी से दिल्ली तक पुस्ता रोड और तिला-फारुख नगर रोड का चौड़ीकरण होगा।
गृह युद्ध सपा में, प्रशासन में नहीं
एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि यूपी में गृह युद्ध सपा में चल रहा है, प्रशासन में नहीं। इसलिए इस युद्ध का असर मुख्य सचिव से उनकी विकास को लेकर हुई वार्ता पर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि वह हर दूसरे दिन शहर के विकास को लेकर मुख्य सचिव व अन्य विभागों के प्रमुख सचिवों से बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ विकास को केंद्रित कर चुनाव लड़ेगी।
सांसद तीन नवंबर को करेंगे समीक्षा बैठक
विदेश राज्य मंत्री एवं सांसद वीके सिंह तीन नवंबर को हापुड़ व धौलाना क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों का जायजा लेंगे।
शनिवार को एक प्रेस वार्ता में सांसद ने बताया कि धौलाना विधानसभा क्षेत्र में सांसद निधि से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत धौलाना में आवेदकों एवं लाभार्थियों के बारे में अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जननी सुरक्षा योजना पर भी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि पिलखुवा नगरपालिका द्वारा किए जा रहे रोड, पानी, नाली की मरम्मत आदि कार्यों की समीक्षा की जाएगी। वे पुलिस अधीक्षक से मिलकर शांति व्यवस्था का भी जायजा लेंगे।