गाजियाबाद। जिले में 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी 38,528 पेट्रोल कारों के स्वामियों के सामने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) हासिल करने में तकनीकी अड़चन को अब दूर करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। कई मामलों में वाहन पोर्टल पर एनओसी के लिए आवेदन करने पर पहले वाहन का पंजीकरण पांच वर्ष के लिए रिन्यू कराने की शर्त सामने आ रही है। इसके चलते वाहन स्वामियों के आवेदन लंबित हो रहे हैं।
अब ऐसे वाहनों के लिए संभागीय परिवहन विभाग की ओर से दोबारा से मौका देने की प्रक्रिया की जा रही है। ऐसे वाहनों के लिए आनलाइन सेवाएं सीमित होने के कारण एनओसी की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। माना जा रहा है कि शासन के हालिया निर्देशों के अनुरूप पोर्टल में तकनीकी बदलाव पूरी तरह लागू नहीं होने से यह स्थिति बनी है। इसको लेकर विभाग की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 15 वर्ष पुराने वाहनों की एनओसी से जुड़े मामलों में पोर्टल पर तकनीकी दिक्कत सामने आ रही थी। उसको दूर करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दिया गया है। ताकि वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।