गाजियाबाद में लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में बुधवार रात पल्लेदार ने खुद को सिर में ब्लेड मारकर घायल कर लिया। 40 वर्षीय पल्लेदार सीताराम की देर शाम को अपने साथी ओवैस से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद खुद को ब्लेड मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से अलीगढ़ के नगला लवेडा दादू के रहने वाला सीताराम साहिबाबाद सब्जी मंडी में पल्लेदारी करता है। वह शाम को पल्लेदार ओवैस के साथ मंडी परिसर में शराब पी रहा था। शराब खत्म होने पर सीताराम ने ओवैस से और शराब खरीदने के लिए रुपये मांगने लगा। आरोप है कि इस दौरान ओवैस ने रुपये देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
दोनों में झगड़ा होने लगा तो आसपास के लोगों ने इन्हें शांत कराया। इसके बाद सीताराम मंडी के गेट की ओर आया और ब्लेड निकालकर खुद पर वार करने लगा। सीताराम को लुलहन देखकर लोगों ने पुलिस को हत्या की सूचना दी। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया है कि पल्लेदार घायल है, जिसका पास के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हत्या की सूचना गलत है।