गाजियाबाद। इस बार हज यात्रा पर जाने वाले जिले के 448 यात्रियों का टीकाकरण सोमवार (21 अप्रैल) को हज हाउस में किया जाएगा। टीका और लगवाने वाले यात्रियों की सूची स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच चुकी है। जो यात्री सोमवार को टीका नहीं लगवा पाएंगे, उनका टीकाकरण मंगलवार को कैला भट्ठा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर होगा। जिन यात्रियों का टीकाकरण नहीं होगा, वह यात्रा पर नहीं जा सकेंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण के दौरान हज यात्रियों को मेनिंगोकोकल और पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों को इन्फ्लुएंजा का टीका भी लगाया जाएगा, ताकि उन्हें संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई यात्री टीकाकरण से छूट जाता है, तो ऐसे यात्रियों को मंगलवार को कैला भट्ठा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगाया जाएगा। प्रतिरक्षण अधिकारी ने कहा कि टीकाकरण की यह प्रक्रिया हज यात्रा के दौरान संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रियों को समय पर सूचना दी जा चुकी है। सभी को निर्धारित तिथि पर हज हाउस पहुंचने का अनुरोध किया गया है।
-