गाजियाबाद के कौशांबी रोडवेज बस अड्डे के अंदर बृहस्पतिवार रात बैक हो रही लोनी डिपो की रोडवेज बस ने 22 वर्षीय युवक को कुचल दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई।
विज्ञापन
मृतक की शिनाख्त संभल के कलीथा निवासी अभिषेक कुमार के तौर पर हुई है। युवक बीटेक करने के बाद दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। बृहस्पतिवार को वह कौशांबी डाकखाने से अपना पार्सल लेने पहुंचा था। मृतक के मामा बदायूं के सगराय मुजरिया निवासी मधुकर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि बस लोनी डिपो की थी जो कौशांबी से टनकपुर मार्ग पर संचालित होती है। आरोपी बस चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।