मूलरूप से बिहार के सिरसा निवासी इंदलराम राजमिस्त्री हैं। वह पत्नी मुन्नी देवी, बेटे मनकूश और बेटी साक्षी (3) के साथ किराये के मकान में रहते हैं। सोमवार शाम इंदलराम काम से लौटे थे। घर में गैस सिलिंडर न होने के कारण मुन्नी देवी छत पर खाना बना रही थीं। उनके साथ बेटा मनकूश था। इंदलराम छत के दूसरी ओर बेटी साक्षी के साथ बैठे थे।
पड़ोस में तीन मंजिला कॉस्मेटिक क्रीम फैक्टरी का निर्माण चल रहा था। शाम को आई तेज आंधी से तीसरी मंजिल की निर्माणाधीन दीवार का हिस्सा टूटकर छत पर गिर गया। मलबे में इंदलराम और साक्षी दब गए। मुन्नी देवी के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दोनों को निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। घायल इंदलराम ने कहा कि अंतिम संस्कार के बाद शिकायत देंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
इंदलराम के भाई ने आरोप लगाया कि फैक्टरी मालिक ने निर्माण में लापरवाही बरती। कॉलम मानक के अनुसार नहीं भरे गए थे। उन्होंने जीडीए से जांच की मांग की कि फैक्टरी का नक्शा पास था या नहीं। परिजनों का कहना है कि फैक्टरी मालिक की लापरवाही से बच्ची की जान गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।