दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : संवाद
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हवा-हवाई रेस्टोरेंट के पास बृहस्पतिवार देर रात सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में कार जा घुसी। हादसे में कार के आगे बायीं ओर बैठे प्रवीण कुमार (30) निवासी खतौली जनपद मुजफ्फरनगर की मौत हो गई। कार चालक और पीछे बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण दोनों को मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
डीएमई पर बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे टायर फटने से सड़क किनारे खड़े ट्रक में दिल्ली की ओर से आई कार घुस गई। कार की टक्कर से तेज धमाका हुआ। हादसे में कार सवार तीन युवक प्रवीण कुमार निवासी ग्राम चंद समद थाना खतौली जनपद मुजफ्फरनगर, विनीत गुर्जर (36) और बंटी कुमार निवासी ग्राम भंडोरा थाना बहसूमा मेरठ गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची मसूरी थाना पुलिस और पीआरवी ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्रवीण कुमार को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल विनीत और बंटी को मेरठ स्थित अस्पताल ले गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में ले लिया है। एसीपी मसूरी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को परिजन मेरठ लेकर चले गए हैं। शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। एक्सप्रेसवे पर थाना और यातायात पुलिस के तीन वाहन लगातार पेट्रोलिंग करते हैं और नियम तोड़ने पर चालान किया जाता है।
-प्रतिबंध के बावजूद डीएमई पर दौड़ रहीं बाइकें-
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बाइक चलाना प्रतिबंधित है। 20 हजार रुपये के चालान का प्रावधान भी है। इसके बावजूद शुक्रवार को हाइवे पर बाइकें दौड़ती नजर आईं। लोग विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाते नजर आए। एक्सप्रेसवे किनारे खड़े वाहनों से लगातार हादसों की आशंका रहती है। पुलिस पेट्रोलिंग न होने के कारण वाहन चालक मनमर्जी से वाहनों को कहीं भी और किसी भी दिशा में ले जाते हैं। शुक्रवार को एक चालक एक्सप्रेसवे के बीचो बीच कार को मोड़ता दिखा।