लोनी। थानाक्षेत्र के नाईपुरा कॉलोनी में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए गनौली गांव निवासी आदित्य बंसल और उनके दोस्त अजय से कॉलोनी के ही रहने वाले दो लोगों ने मारपीट कर दी। विवाद शनिवार का है, पुलिस ने रविवार को कॉलोनी निवासी संतोष पंडित और वासू ठाकुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में गनौली गांव निवासी जय बंसल ने बताया कि उनका बेटा आदित्य बंसल अपने साथी अजय के साथ नाईपुरा कॉलोनी में तिलक समारोह कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस दौरान कॉलोनी में रहने वाले संतोष पंडित व वासू ठाकुर की बेटे से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बेटे ने इसका विरोध किया तब आरोपियों ने लाठी, हुक्के की जस्ती व टेंट की कुर्सी से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। बताया कि बेटे ने जब इसकी जानकारी दी तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। वीडियो के जरिये अज्ञात आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।