उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी कोतवाली इलाके के एक गांव में दो साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना को पड़ोस में रहने वाले 14 वर्षीय मूक (गूंगा) किशोर ने अंजाम दिया। वह उसे गोद में खिलाने के बहाने छत पर ले गया था।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो घटना का पता चला, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ बच्ची को परिजनों ने दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
लोनी थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाला एक व्यक्ति सिलाई की फैक्टरी में काम करता है। परिवार में पत्नी के अलावा दो साल की इकलौती बेटी है। पत्नी को कम सुनाई देता है। पड़ोस में ही ससुर का परिवार भी रहता है। परिजनों के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला 14 वर्षीय किशोर सोमवार रात करीब नौ बजे उनके घर आया।
वह दो वर्षीय बच्ची को गोद में खिलाने के बहाने छत पर ले गया। उस दौरान बच्ची की मां खाना बना रही थी। थोड़ी देर बाद पड़ोस में रहने वाले नाना को बच्ची के चीखने-रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बच्ची की मां से बताया तो वह छत की तरफ दौड़ी। छत पर बच्ची को खून से लथपथ देख उसकी चीख निकल गई। जिसके बाद बच्ची के नाना भी पहुंच गए।