गाजियाबाद। मॉनिटरिंग सेल और आमजन की शिकायत पर रिश्वत मांगने के आरोप में क्यूआरटी में तैनात उपनिरीक्षक अतुल कुमार राठौर को निलंबित कर दिया गया है। अतुल राठौर पर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। वहीं ट्रांस हिंडन क्षेत्र की नीति खंड चौकी प्रभारी पूरन सिंह को वाहन चोरी और चेन स्नेचिंग की वारदात पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि अतुल कुमार राठौर के खिलाफ दो माह पूर्व भी पीड़ित ने शिकायत की थी। शिकायत सही पाए जाने पर इनका नगर जोन की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) में ट्रांसफर कर दिया गया था। एक सप्ताह पूर्व एक पीड़ित ने डीसीपी से अतुल कुमार राठौर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। कुछ इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी सौंपे थे। मॉनिटरिंग सेल से मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि एक पीड़ित से उपनिरीक्षक अतुल कुमार राठौर ने शिकायती पत्र में धाराएं बढ़वाने के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। जांच रिपोर्ट मिलने पर अतुल कुमार राठौर को निलंबित कर दिया गया है। उधर, ट्रांस हिंडन जोन की इंदिरापुरम थाने की नीति खंड चौकी प्रभारी पूरन सिंह के क्षेत्र में कई वाहन चोरी और चेन स्नेचिंग की वारदात हो चुकी हैं। अपराध को रोकने और कार्यों में लापरवाही बरतने पर उपनिरीक्षक पूरन सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दोनों उपनिरीक्षकों को निलंबित कर रिपोर्ट पुलिस आयुक्त को सौंप दी गई है।