गाजियाबाद। कविनगर पुलिस ने लूट और स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने माैके से उसके साथी को भी पकड़ा। इनके कब्जे से दो तमंचे, लूटी हुई चैन के टुकड़े और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पकड़े गए बदमाश दिनेश उर्फ राहुल उर्फ मोनू (24) और पंकज (27) निवासी दौलतपुरा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस चैकिंग के दौरान गोविंदपुरम टंकी के पास पुलिस चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक संदिग्ध नजर आई, उसे रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली से दिनेश घायल हो गया। उसे उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय संजय नगर भेजा गया। जबकि उसके दूसरे साथी पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि इन बदमाशों के पकड़े जाने से क्षेत्र में हुई कई लूट और स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने दिनेश के साथ मिलकर करीब छह दिन पूर्व संजयनगर अस्पताल यू टर्न के आगे एक महिला से सुबह के वक्त गले की चैन खींची थी। वहीं, करीब 16 दिन पहले गोविंदपुरम में सुबह के वक्त घूम रहे एक व्यक्ति के गले से झपट्टा मारकर चैन छीनी थी। वहीं, राह चलते लोगों से मोबाइल फोन भी छीने हैं। इसके अलावा भी क्षेत्र में कई लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है। शनिवार को भी लूट के इरादे से जा रहे थे। आरोपी ने बताया कि 11 नवंबर को उनके गैंग के पांच सदस्य पूर्व में ही पकड़े जा चुके हैं।