फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मदेव और सचिव बने वरुण त्यागी

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। बार एसोसिएशन के चुनाव में इस वर्ष कड़ा मुकाबला देखने को मिला। देर रात तक चले मतगणना के दौर के बाद परिणाम घोषित किए गए। बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी और सचिव वरुण त्यागी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल की। अध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद रोचक रहा। ब्रह्मदेव त्यागी को कुल 995 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल्य कुमार शर्मा को 917 वोट मिले। ब्रह्मदेव ने 78 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वरुण त्यागी को 891 और उनके प्रतिद्वंद्वी हरेंद्र कुमार गौतम को 748 वोट मिले।
विज्ञापन


शुक्रवार को हुए मतदान में अधिवक्ताओं ने सात पदों के लिए 3040 में से 2782 ने मतदान किया। मतदान के बाद शाम सात बजे से मतगणना शुरू हुई, जो रात 12:30 बजे के बाद परिणाम घोषित होने शुरु हुए और सुबह चार बजे अंतिम परिणाम अध्यक्ष पद का जारी हुआ। दोनों ही उम्मीदवारों के समर्थक पूरे समय मतदान केंद्र और मतगणना स्थल पर डटे रहे और माहौल लगातार गर्मजोशी से भरा रहा। देर रात परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने आतिशबाजी और ढोल बजाकर अपनी खुशी व्यक्त की।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आदेश गर्ग ने 1164 वोट लेकर जीत हासिल की। जबकि अशोक चौधरी को 768 वोट मिले। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विनय कुमार पंवार ने 1158 वोट लेकर जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर रहे मोनू कुमार सेठी को 778 मत हासिल हुए। कोषाध्यक्ष पद पर खुशनुमा परवीन को 780 वोट और दूसरे नंबर पर पूनम गुप्ता को 558 वोट मिले। सह सचिव प्रशासन पद पर सुनील कुमार ने जीत हासिल की। उन्हें 1156 वोट मिले, जबकि जितेंद्र कुमार को 571 मत मिले। सह सचिव पुस्तकालय पद पर अमित कुमार पाल को सर्वाधिक 1326 वोट मिले, दूसरे नंबर पर रहे मयंक श्रीवास्तव को 846 मत हासिल हुए।
विज्ञापन


12 उम्मीदवार हुए थे निर्विरोध
वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में छह-छह उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अब्दुल्ला, नरेंद्र कुमार वत्स, भारत भूषण, सुधीर सहलोत, ब्रह्म प्रकाश प्रजापति और मोहम्मद सलीम का चयन हुआ। कनिष्ठ कार्यकारिणी में मानवेंद्र तंवर, गर्व मित्तल, अमित नागर, अरुण चौधरी, तुषार वशिष्ठ और सुमित चौधरी निर्विरोध चुने गए।

जीडीए से वार्ता कर बनवाए जाएंगे चैंबर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता नए अधिवक्ताओं के लिए चैंबर उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए नए स्थान चिह्नित किए जाएंगे और शासन से लगातार पत्र व्यवहार किया जाएगा। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के आवास के लिए छोटे भूखंडों पर रियायत दिलाने के लिए जीडीए से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि बार और अदालत के बीच बेहतर सामंजस्य बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी और पूर्व में हुई किसी भी तरह की अप्रिय घटनाओं को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कचहरी में शौचालय और पार्किंग की होगी व्यवस्था
सचिव पद पर निर्वाचित वरुण त्यागी ने कहा कि कचहरी परिसर में शौचालय और पीने के पानी की समस्या सबसे बड़ी है। उनका प्रयास होगा कि परिसर में बेहतर पेयजल व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग से शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अधिवक्ता के विरुद्ध किसी कार्रवाई से पहले बार को सूचित करना अनिवार्य बनाया जाएगा। वे न्यायिक अधिकारियों से सहयोग लेकर कचहरी परिसर में खाली पड़ी जमीन पर पार्किंग व्यवस्था सुचारु करने का प्रयास भी करेंगे और इसके लिए नगर निगम जीडीए तथा जनप्रतिनिधियों से सहयोग लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें