साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से दूसरे राज्यों के एक ही शहर के लिए अलग-अलग दो उड़ान भरने वाले एयरक्राफ्ट में से एक को बंद किया जाएगा। इसके साथ ही कम हुए एयरक्राफ्ट का उपयोग यूपी के अंदरूनी शहरों में चलाए जा सकते हैं। जल्द ही एयरपोर्ट प्रबंधन एयरलाइंस कंपनियों की बैठक बुलाकर इस पर फैसला करने वाली है।
एयरपोर्ट पर बढ़ रही फ्लाइटों की संख्या और आए दिन रद्द हो रही फ्लाइट पर विचार करने के लिए दोबारा निजी एयरलाइंस कंपनियों की बैठक बुलाई गई है। इससे पूर्व भी एयरलाइंस कंपनियों की बैठक हुई थी लेकिन अब तक उसका परिणाम कुछ नहीं निकल सका है।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में होने वाली बैठक में दो प्रमुख मुद्दे रखे जाएंगे। पहला मुद्दा यह है कि एक ही रूट पर चलने वाली दो फ्लाइटों को कैंसिल किया जाए और दूसरा कैंसिल हुई फ्लाइटों की जगह पर यूपी के अंदर के लिए ही उड़ान सेवाओं का संचालन किया जाए। इस साल एक मार्च से लीगल पाबंदियों के हटने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बारी बारी से कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू की।
वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाई विग, एअर इंडिया एक्सप्रेस एवं इंडिगो की ओर से 23 से 24 रूट पर प्रतिदिन उड़ान भरी जा रही है। एअर इंडिया एक्सप्रेस एवं इंडिगों की ओर से कई शहरों जिनमें गोवा, बंगलूूरू, कोलकाता, पटना, मुंबई, वाराणसी की रूट पर उड़ान भरती हैं। एयरपोर्ट निदेशक उमेश यादव ने बताया कि हम प्रयास कर रहे हैं कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में निजी एयरलाइंस कंपनियों के सभी प्रमुख के साथ बैठक हो सके।
बैठक में इन दो मुद्दों पर चर्चा होनी है। निदेशक न बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन चाहता है कि जिन भी रूटों पर दो-दो फ्लाइट चल रही हैं उसमें से एक फ्लाइट कैंसिल करके उसकी जगह यूपी के किसी अन्य शहर के लिए फ्लाइट शुरू हो सके। इन शहरों के लिए शुरू हो सकती है फ्लाइट
हिंडन एयरपोर्ट से कुशीनगर, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और प्रयागराज के लिए लंबे समय से फ्लाइट शुरू करने की मांग की जा रही है। ऐसे में इंडिगो या स्टार एयर किसी की भी फ्लाइट कैंसिल होती है तो उन्हें इसी रूट पर फ्लाइट शुरू करने के लिए कहा जा सकता है।