शालीमार गार्डन के लोगों को अभी दो दिन और पानी की समस्या से जूझना होगा। पानी की टंकी का वॉल्व ठीक न होने से शुक्रवार को भी इलाके में पानी की सप्लाई नहीं हुई। लोगों ने पानी खरीदकर रोजमर्रा का काम किया। टंकी खाली नहीं होने की वजह से अभी तक वॉल्व ठीक होने का काम शुरू नहीं हुआ है।
उम्मीद है कि सोमवार से पानी की सप्लाई शुरू होगी। इसके अलावा मोहन नगर जोन में शुक्रवार सुबह आधे घंटे ही पानी की सप्लाई होने से लोग को परेशानी हुई। शालीमार गार्डन में बृहस्पतिवार को पानी की टंकी का वॉल्व खराब हो गया था।
इसकी वजह से पानी की सप्लाई प्रभावित है। वॉल्व ठीक नहीं होने से शुक्रवार को भी इलाके में पानी नहीं आया। नगर निगम के अधिकारियों ने टैंकर से पानी भेजा, लेकिन वह भी कुछ ही इलाके में ही पहुंच पाया। लोगों का कहना है कि अभी तक वॉल्व को ठीक करने का काम शुरू नहीं हुआ है।
रविवार तक वॉल्व ठीक होगा। इसके बाद ही टंकी भरी जाएगी। सोमवार तक ही कालोनी में पानी की सप्लाई सुचारु हो सकेगी। उधर, शुक्रवार सुबह मोहन नगर जोन के राजेंद्र नगर, लाजपत नगर, श्याम पार्क में मात्र आधा घंटा ही पानी आया। कुछ इलाके में तो कुछ देर गंदे पानी की सप्लाई हुई। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परेशानियों से जूझना पड़ा।
वसुंधरा जोन में 20 मिनट ही पानी की सप्लाई
वसुंधरा जोन में सबसे ज्यादा डेल्टा कालोनी के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। कालोनियों में मात्र 20 मिनट ही पानी आया। पानी का प्रेशर भी बहुत कम था। वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में भी कुछ देर ही पानी की सप्लाई होने की शिकायत मिली है।
लोगों का कहना है कि पानी नहीं मिलने से पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। अवर अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि पानी की सप्लाई समयानुसार की जा रही है। लोग मोटर चलाकर पानी लेते हैं, इसकी वजह से कई घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।