गाजियाबाद। नंदग्राम पुलिस ने रेकी कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चेन, सिक्के, बिछवे और 1,200 रुपये नकदी बरामद की है। इन्होंने पांच अप्रैल को सिहानी के विश्वासनगर में मीनाक्षी के घर में घुसकर दो मोबाइल व तीस हजार रुपये चोरी किए थे।
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोर नंदग्राम के हरवंशनगर निवासी अभिषेक उर्फ काला और विपिन उर्फ गांगी है। इन्होंने मीनाक्षी के घर में हुई चोरी की वारदात को कुबूल किया है। साथ ही डेढ़ महीने पहले सिहानी गांव में ही एक घर की छत पर लगे टावर के दो सेल भी चोरी करने की बात कुबूल की है। पूछताछ में इन्होंने बताया कि नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते हैं और सामान आपस में बांट लेते हैं। एसीपी ने बताया कि अभिषेक के खिलाफ 10 और विपिन पर तीन मुकदमे दर्ज हैं।