लोनी। पाइप लाइन रोड स्थित निजी अस्पताल के पास कार सवार कई युवकों ने दो सगे भाईयों को पीटकर घायल कर दिया। घटना 24 जनवरी को हुई थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
टीला शहबाजपुर गांव निवासी मोहित मावी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी को वह बंद फाटक की ओर से घर लौट रहे थे। पाइप लाइन रोड स्थित निजी अस्पताल के पास पहुंचा तो पान की दुकान पर रुक गया। उसी दौरान एक सफेद रंग की एक कार आई। उन्होंने ने साइड में खड़ी बाइक को हटाने के लिए कहा था। उसने जवाब दिया कि चंद मिनट में हटा रहा हूं। लेकिन कार सवार एक युवक ने गाली-गलौच शुरू कर दी। इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके सिर पर चोट मारकर घायल कर दिया। उन्होंने अपने भाई को सूचना दी। वह आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट करके सिर में चोट मारकर घायल कर दिया। आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाई को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 29 जनवरी को छुट्टी होने के बाद थाने में शिकायत दी थी। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि कार चालक व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।